मतदाता जागरूकता कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न
शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय कोंडागांव की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वीप कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य तिलकचंद्र देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को मतदान के अधिकार, कर्तव्य और लोकतंत्र में भागीदारी के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर स्वीप प्रभारी देवनारायण नेताम द्वारा छात्राओं एवं स्टाफ को स्वच्छ, निष्पक्ष और निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अनिक्षा अंचल ने लोकतंत्र की मजबूती में मतदान की भूमिका पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात रैली निकालकर छात्राओं ने मतदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।